अंबेडकरनगर। बेवाना क्षेत्र की पांच एकड़ भूमि पर अडानी ग्रुप का साइलो प्रोजेक्ट लगेगा। ग्रुप के लीगल एक्सपर्ट सहित आठ सदस्यीय टीम ने भूमि का जायजा लेकर उसे हरी झंडी दे दी है। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर से भी इसे मंजूरी मिल गई है।
जिले को औद्योगिक रूप में पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयास का असर दिखने लगा है। बीते दिनों जिला प्रशासन ने औद्योगिक विकास प्राधिकरण के लिए 800 एकड़ से अधिक भूमि चिह्नित किया है। इसमें बेवाना, सिसवा, खानजहांपुर सहित कई गांवों के किसानों की भूमि शामिल है। इस भूमि पर बड़े पैमाने पर उद्योग इकाईयां स्थापित हों इसके लिए जिला प्रशासन की तरफ से प्रयास जारी है।
इसके साथ ही अडानी ग्रुप के साइलो प्रोजेक्ट के लिए भी बेवाना क्षेत्र में ही औद्योगिक विकास प्राधिकरण के निकट भूमि चिह्नित की गई थी। अब अडानी ग्रुप ने अनाज के अत्याधुनिक भंडारण आदि के लिए बनने वाले साइलो प्रोजेक्ट के लिए बेवाना में पांच एकड़ की भूमि को हरी झंडी दे दी है। एक दिन पहले ग्रुप की आठ सदस्यीय टीम अंबेडकरनगर पहुंची थी। टीम ने एसडीएम सदर पवन जायसवाल व अन्य अधिकारियों के साथ बेवाना पहुंचकर भूमि का जायजा भी लिया।