फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ambedkar Nagar News: 1.50 करोड़ से संवरेगा श्रवण धाम, बनेगा आकर्षक पार्क

विज्ञापन
कटेहरी के चिउटीपारा ​स्थित श्रवणधाम में प्रस्तावित श्रवण कुमार की प्रतिमा का स्वरूप। स्रोत : वि
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। माता-पिता की सेवा और त्याग के प्रतीक श्रवण कुमार की कथा से जुड़े श्रवण धाम को नया स्वरूप देने की तैयारी है। कटेहरी के चिउटीपारा स्थित धाम में श्रवण कुमार की माता-पिता के साथ 30 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए दो मीटर ऊंचा चबूतरा बनाया जाएगा। साथ ही परिसर में आकर्षक पार्क भी विकसित किया जाएगा। इन कार्यों पर करीब 1.50 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। शासन से संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन

श्रवण धाम में वर्ष 1985 में पहली प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके बाद वर्ष 1991 में तत्कालीन विधायक और भाजपा सरकार में मंत्री रहे दिवंगत अनिल तिवारी के प्रस्ताव पर पांच लाख रुपये से मंदिर का जीर्णोद्धार और समाधि स्थल का निर्माण कराया गया। बीते तीन वर्षों में धाम के विकास पर करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद तत्कालीन जिलाधिकारी अविनाश सिंह की पहल पर भगवान राम, भोलेनाथ और बजरंगबली की प्रतिमाएं स्थापित कराई गईं।
परिसर में प्रकाश व्यवस्था, नाइट विजन कैमरे और प्रतिमाओं के आसपास हरी मैट लगाई गई। नदी किनारे श्रवण, राम, जानकी और त्रिवेणी घाट का भी निर्माण कराया गया है।
विज्ञापन

एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने बताया कि उनके प्रस्ताव पर 17 मार्च 2026 को विभिन्न विकास कार्यों के लिए 3.76 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली थी। इसमें करीब 70 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं। शेष कार्यों की आवश्यकता न रहने पर पर्यटन विभाग ने पार्क, नई प्रतिमा और अन्य सुविधाओं को शामिल करते हुए संशोधित कार्ययोजना तैयार की है। संशोधित प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद कार्य शुरू कराए जाएंगे। (संवाद)
बाढ़ के पानी के अनुकूल होगा पार्क का स्वरूप
प्रस्तावित पार्क की डिजाइन नदी में बाढ़ की स्थिति को ध्यान में रखकर तैयार की गई है। इसमें पानी के प्राकृतिक बहाव को रोकने के बजाय उसके अनुरूप विकास किया जाएगा। नदी और पार्क के बीच बाढ़ सहन करने वाली घास, पेड़-पौधों और बांस का हरित घेरा बनाया जाएगा। इससे पानी की गति कम करने, मिट्टी का कटाव रोकने और गाद को थामने में मदद मिलेगी। जलभराव सहने वाले पौधे भी लगाए जाएंगे। तट पर सूखी पत्थर पिचिंग और उसके नीचे जियो-टेक्सटाइल बिछाने की योजना है।
प्रतिमा से मिलेगी नई पहचान, बढ़ेंगे पर्यटक
स्थानीय निवासी भूपेंद्र तिवारी का कहना है कि माता-पिता के साथ श्रवण कुमार की प्रतिमा स्थापित होने से धाम को नई पहचान मिलेगी। इससे नई पीढ़ी को मातृ-पितृ भक्ति की प्रेरणा मिलेगी। वहीं, अनिल सिंह ने कहा कि पार्क विकसित होने से परिसर की सुंदरता बढ़ेगी और श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक पर्यटकों की संख्या में भी इजाफा होगा।
ये कार्य भी प्रस्ताव में शामिल
पार्क में हरित घेरा बनाने पर छह लाख रुपये, बांस की बाड़ पर 6.29 लाख, प्रवेश द्वार पर 1.80 लाख रुपये, कूड़ेदान पर 5.50 लाख, रास्ते और दिशा-सूचक बोर्ड पर 2.88 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा जमीन समतलीकरण पर 8.14 लाख रुपये, पौधरोपण और उद्यान विकास पर 27.05 लाख, इंटरलॉकिंग पर 11.36 लाख, तट पर पत्थर पिचिंग पर 19.54 लाख और जियो-टेक्सटाइल पर 1.40 लाख रुपये प्रस्तावित हैं। आरसीसी पुलिया के निर्माण पर 21.82 लाख और पार्क की प्रकाश व्यवस्था पर 50 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।

कटेहरी के चिउटीपारा स्थित श्रवणधाम में प्रस्तावित श्रवण कुमार की प्रतिमा का स्वरूप। स्रोत : वि

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें