बसखारी (अंबेडकरनगर)। हंसवर क्षेत्र में बाइक टकराने से नाराज कुछ लोगों ने गुरुवार देर शाम एक युवक पर फावड़े से हमलाकर दिया। इस हमले में युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई ने पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
हंसवर क्षेत्र के नसीराबाद निवासी राकेश कुमार (35) बृहस्पतिवार को टांडा क्षेत्र के अजमेरी बादशाहपुर गांव अपनी बहन के घर गया था। परिजनों के मुताबिक देर शाम साढ़े सात बजे राकेश बाइक से घर लौट रहा था। क्षेत्र के मोमिनपुर गांव के पास उसकी बाइक दूसरी मोटरसाइकिल से टकरा गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार गिर गए। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया।
आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार व्यक्ति ने मोमिनपुर गांव से अपने पुत्र व अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। उन लाेगों ने फावड़े से राकेश पर हमला कर दिया। इससे वह मरणासन्न हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पहुंचे परिजन राकेश को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राकेश के भाई मनोज यादव ने हंसवर थाने में नामजद तहरीर दी। थानाध्यक्ष रितेश पांडेय ने बताया कि मृतक के भाई ने हत्या का केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। छानबीन कर केस दर्ज किया जाएगा।