जहांगीरगंज। बाल विकास परियोजना कार्यालय जहांगीरगंज मैनपावर संकट से जूझ रहा है। इसके चलते सरकारी योजनाओं के संचालन में काफी मुश्किल हो रही है। विकास खंड क्षेत्र में कुल 258 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इसके सापेक्ष कार्यालय पर मात्र तीन सुपरवाइजर की ही तैनाती है। शासन की मंशा के अनुसार यहां सात सुपरवाइजर की तैनाती होनी चाहिए। यही नहीं यहां लिपिक के दो पद सृजित हैं लेकिन दोनों ही रिक्त हैं।
महिलाओं व बच्चों को स्वस्थ रखने से लेकर सरकारी योजनाओं को उन पहुंचाने में बाल विकास परियोजना कार्यालय की अहम भूमिका है। मौजूदा समय में कई जरूरी सेवाएं इस कार्यालय के माध्यम से पाल्यों, गर्भवती व धात्री महिलाओं तक पहुंचती हैं। ऐसे में कार्यालय का कामकाज भी पूरी तरह बेपटरी है।
कई बार इसे लेकर आवाज भी उठाई गई लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उधर बाल विकास परियोजना अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि सरकारी योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन हो रहा है। रिक्त पदों के बारे में विभाग को पत्राचार के माध्यम से जानकारी दी जा चुकी है।