बैंक अाॅफ बड़ौदा की जहांगीरगंज शाखा में बुधवार पूर्वाह्न शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। इससे शाखा परिसर में अफरातफरी मच गई। लोग बाहर की तरफ भागने लगे। भगदड़ के दौरान एक केबिन का शीशा टूट गया जिससे दो बैंक कर्मचारी जख्मी हो गए। सुरक्षा गार्ड ने तत्काल मुख्य सप्लाई बंद कर दी जिससे बड़ी घटना होने से बच गई।
इसके बाद बैंक की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई जिसे देर शाम तक बहाल नहीं किया जा सका था। नतीजतन पूरे दिन काम न होने से लगभग 15 लाख रुपये का लेनदेन प्रभावित रहा। लगभग सात सौ उपभोक्ताओं को मायूस हो लौटना पड़ा।
बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा जहांगीरगंज में बुधवार सुबह 50 से अधिक उपभोक्ता काउंटर पर लाइन में लग गए। अभी काम शुरू ही हुआ था कि अचानक शाखा परिसर में बिजली के मेन बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने लगी। इससे बैंक परिसर में धुआं फैल गया। लपटें उठती देख बैंककर्मियों व उपभोक्ताओं में भगदड़ मच गई।
लोग बाहर की तरफ भागने लगे। भगदड़ में एक केबिन का शीशा टूट गया जिससे दो बैंक कर्मियों समेत चार लोग जख्मी हो गए। लगभग दो घंटे तक बैंक परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा। हालांकि इससे पहले सुरक्षा गार्ड व कुछ कर्मचारियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बैंक के भीतर की विद्युत सप्लाई ठप कर दी।
इससे बड़ी घटना होने से बच गई। हालांकि काफी देर तक शाखा के अंदर धुुआं भरा रहने से कर्मचारी व उपभोक्ता बैंक के अंदर जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। करीब दो घंटे के बाद स्थिति सामान्य हो सकी। हालांकि अधिकांश इलेक्ट्रिक सर्किट फुंक जाने से शाखा के अंदर आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
नतीजतन कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। धननिकासी व जमा करने के लिए बैंक पहुंचे तकरीबन सात सौ उपभोक्ताओं को कामकाज ठप होने से मायूस हो लौटना पड़ा। बुधवार को पूरे दिन काम न होने से 15 लाख रुपये से अधिक का लेनदेन प्रभावित हुआ।
इस मामले में बैंक के शाखा प्रबंध्क के के पांडेय ने बताया कि शॉर्ट-सर्किट के चलते यह असहज स्थिति उत्पन्न हुई थी। अन्य किसी प्रकार का कोई नुकसान शाखा में नहीं हुआ है। कागजात, कर्मचारी व उपभोक्ता सभी सुरक्षित हैं। विद्युत आपूर्ति बाधित होने से लेनदेन प्रभावित हुआ है। आपूर्ति बहाल कराने के लिए प्रयास चल रहे हैं। गुरुवार से शाखा में कार्य सुचारु रूप से चलने की उम्मीद है।