धर्मेंद्र प्रताप सिंह (फाइल फोटो)
बसखारी। आलापुर के रामपुर इंडी पिंडी गांव के निकट बुधवार देर शाम बाइक में तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बसखारी क्षेत्र के कोटेदार धर्मेंद्र प्रताप सिंह की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव बुकिया स्थित उनके आवास पर लाया गया। चहोड़ा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के मुताबिक बसखारी के बुकिया निवासी धर्मेंद्र प्रताप सिंह उर्फ सज्जन सिंह (50) कोटेदार थे। बुधवार को आलापुर के अन्नापुर में अपने रिश्तेदार के घर गए थे। देर शाम बाइक से वहां से निकले थे। इंडी पिंडी प्राथमिक विद्यालय के निकट पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर भाग निकला।
वाहन की तेज टक्कर से सज्जन सिंह उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे और हेलमेट न पहने होने की वजह से सिर में चोट लगी। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन उन्हें आननफानन सीएचसी बसखारी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर बीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि वाहन की पहचान के लिए सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।