टांडा (अंबेडकरनगर)। महा शिवरात्रि पर्व पर भक्तों की अगुवानी के लिए नगर सहित ग्रामीणांचल के शिव मंदिर सज धज कर तैयार होने लगे हैं। श्रीतामेश्वर नाथ महादेव डुहिया, श्रीझारखंड नाथ महादेव छज्जापुर, श्रीनर्वदेश्वर महादेव मंदिर कस्बा कोइराना के अलावा उदासीन आश्रम, मुबारकपुर, छज्जापुर दक्षिण, मीरापुर, हिंदूधाम सहित क्षेत्र के विभिन्न उन सभी मंदिरों में रंग रोगन व साफ-सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है जहां शिवालय स्थापित हैं।
आठ मार्च को महाशिवरात्रि पर्व के मौके पर मंदिरों का कपाट सूर्योदय से पहले ब्रम्हमुहूर्त में भक्तों के लिए खुल जाएगा। महापर्व पर निकलने वाली शिव बरात सहित अन्य परंपरागत कार्यक्रमों की तैयारी जोरों पर है। नगर के श्रीनागेश्वरनाथ महादेव मंदिर में जहां रामकथा चल रही है वहीं मोहल्ला छज्जापुर स्थित श्रीझारखण्ड नाथ महादेव मंदिर परिसर से श्रीशिव विवाह सेवा समिति के तत्वावधान में शिव बरात निकाली जाएगी।
नगर के मुबारकपुर में श्रीढिवहारे बाबा मंदिर परिसर से श्रीशिव बाल कलां संकीर्तन समाज की अगुवाई में चार दशक से निकल रही शिव बरात इस बार भी पूरी भव्यता के साथ निकलेगी। समिति संरक्षक राममूरत गुप्त व अध्यक्ष श्रवण मोदनवाल ने बताया कि तैयारी चल रही है। मंदिराें में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ेगी। नवागत सीओ शुभम कुमार ने भी सुरक्षा प्रबंधों को बेहतर करने की मुहिम में जुट गए हैं।