वेब सीरीज में आईआईटी छात्र की निभा रहे हैं भूमिका
मिझौड़ा के हैं रहने वाले, कई विज्ञापनों में कर चुके काम
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। तहसील क्षेत्र भीटी के मिझौड़ा निवासी 25 वर्षीय शाइन पांडेय फिल्म जगत में नई पहचान बना रहे हैं। मुंबई में रहकर उन्होंने एक्टिंग सीखी। अब तक कई बड़े विज्ञापनों व लघु फिल्मों में किरदार निभा चुके शाइन जल्द ही हिंदी भाषा में बन रही यूपी 65 वेब सीरीज में मुख्य नायक की भूमिका में नजर आएंगे।
मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंचे शाइन मीडिया से मुखातिब हुए। बताया कि वेब सीरीज में वे आईआईटी छात्र का किरदार निभा रहे हैं। वे काफी मशक्कत के बाद आईआईटी बीएचयू में प्रवेश पाते हैं। इसमें एक सीधे-साधे व मध्यम वर्गीय परिवार से जुड़े छात्र के जीवन में होने वाली मुश्किलों को दिखाया गया है। शाइन ने कहा कि इस वेब सीरीज के जरिए युवा पीढ़ी के रास्ते में आने वाली चुनौतियों के बारे में दिखाया गया है।
वेब सीरीज का टीजर व ट्रेलर दोनों रिलीज हो चुका है। 8 जून का यह सीरीज जिओ स्टूडियो द्वारा जिओ सिनेमा पर रिलीज की जाएगी। यह सीरीज निखिल सचान के उपन्यास यूपी 65 पर आधारित है। शाइन ने अपनी सफलता का श्रेय माता शशिकला, नानी विद्यावती व अन्य परिजनों को दिया।