एमसीएच विंग में अब आसानी से बनेंगे पर्चे
लंबी लाइन में लगने से मिलेगा छुटकारा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। अतिकुपोषित बच्चों को जिला अस्पताल परिसर में भर्ती कराने की प्रक्रिया अब सरल कर दी गई है। ऐसे बच्चों को लाने वाले कर्मियों व परिजनों को लंबी लाइन में लगकर पर्चा बनवाने आदि की प्रक्रिया से निजात दिला दी गई है। अब मातृ शिशु विंग में ही राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है, जहां आसानी से पर्चा बन जाएगा।
जिले को कुपोषणमुक्त बनाने को लेकर लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अब जिला अस्पताल परिसर स्थित मातृ शिशु विंग में हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है। इस हेल्प डेस्क पर पहुंचकर सीएचसी व पीएचसी से अतिकुपोषित बच्चों को लेकर आने वाली स्वास्थ्य कर्मियों की टीम आसानी से पर्चा बनवा सकती है जिससे बच्चे को भर्ती करने की प्रक्रिया सरल होगी।
मालूम हो कि अब तक अतिकुपोषित बच्चे को लेकर सीएचसी व पीएचसी की जो स्वास्थ्य टीम जिला अस्पताल पहुंचती थी उसे सामान्य पर्ची काउंटर पर लंबी लाइन में लगकर पर्चा बनवाना पड़ता था। इसमें उन्हें काफी समय लग जाता था। इसे देखते हुए ही भर्ती प्रक्रिया को सरल कर दिया गया है।
भर्ती प्रक्रिया हुई सरल
हेल्प डेस्क की स्थापना से अतिकुपोषित बच्चों को मातृ शिशु विंग में भर्ती करने की प्रक्रिया सरल हो गई है। हेल्प डेस्क पर एक कर्मचारी की तैनाती रहेगी जो सुचारु रूप से पर्चा बनाएगा।
डॉ. हर्षित, मैनेजर, जिला अस्पताल