अंबेडकरनगर। अकबरपुर नगर स्थित राजकीय रमाबाई महिला पीजी कॉलेज में रविवार को वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें पक्ष में बेहतर प्रस्तुति करने वाली शालिनी जबकि विपक्ष में मजबूती से बात रखने वाली राबिया को प्रथम स्थान मिला।
प्रतियोगिता का शुभारंभ प्राचार्या डॉ. शेफाली सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीपार्चन कर किया। कहा कि विज्ञान का अर्थ होता है विशाल ज्ञान। एक तरफ इससे जहां लाभ है तो वहीं कई प्रकार के नुकसान भी। हम सभी को तय करना है कि विज्ञान से हम किस प्रकार से लाभ उठाएं।
पक्ष में प्रथम स्थान हासिल करने वाली शालिनी ने कहा कि विज्ञान से हमारा जीवन हाईटेक हो गया है। जिंदगी जीना सरल हो गया है। सात समंदर पार परिजनों से मोबाइल के जरिए रूबरू बात कर सकते हैं। अब तो हम कह सकते हैं कि दुनिया हमारी मुट्ठी में है। वहीं विपक्ष में मजबूती से बात रखते हुए राबिया ने कहा कि विज्ञान का नतीजा है कि सामाजिक दूरियां बढ़ रही हैं। मोबाइल के चलते एक ही कमरे में बैठे परिवार के सदस्यों के बीच बातचीत नहीं हो पाती है। आज के युवा मोबाइल के साथ अकेले रहना अधिक पसंद कर रहे। ऐसे ऐसे हथियार हमने तैयार कर लिए हैं जो अत्यंत विनाशकारी हैं। बाद में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया।