अंबेडकरनगर के खड़हरा में शार्ट सर्किट की आग से धू धू कर जलता मुर्गी फार्म।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
महरुआ। थाना क्षेत्र के खड़हरा गांव में गुरुवार को शॉर्ट सर्किट से मुर्गी फार्म में आग लगने से हड़कंप मच गया। जब तक परिवारीजनों की गुहार पर ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया, तब तक उसमें रखीं लगभग सात हजार मुर्गियों की झुलसकर मौत हो गई। मुर्गी फार्म भी जलकर नष्ट हो गया। आग की चपेट में आकर बगल स्थित चार किसानों की खेत में लगी लगभग पांच बीघा गेहूं की फसल भी जल गई। पुलिस कर्मियों व ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। बाद में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझाई जा चुकी थी। घटना से जहां मुर्गी पालक को पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ तो वहीं करीब सवा लाख रुपये का नुकसान किसानों को उठाना पड़ा।
महरुआ थाना क्षेत्र के खड़हरा निवासी रमेश ने गांव के बाहरी छोर पर मुर्गी पालन कर रखा था। बताया जाता है कि गुरुवार को दोपहर बारह बजे मुर्गी फार्म में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। लपटें उठती देख परिवारीजनों में हड़कंप मच गया। जब तक ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, तब तक उसमें मौजूद लगभग सात हजार मुर्गियों की झुलसकर मौत हो गई। ग्रामीणों ने मामले की सूचना फायर ब्रिगेड टीम को दी। बताया जाता है कि आग पर काबू पाने की कोशिश में ग्रामीण लगे ही हुए थे कि इस बीच मुर्गी फार्म से निकली चिंगारी बगल स्थित गेहूं की खेत में पहुंच गई।
इस बीच सूचना पर तहसीलदार भीटी ज्ञानेंद्र यादव, महरुआ थाने के पुलिस कर्मी व डायल 112 टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस कर्मियों व ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक खड़हरा निवासी रामकिशोर की एक बीघा, भभूति निषाद की एक बीघा, जयमलपुर निवासी रामप्रताप शुक्ल व विजय प्रताप शुक्ल की डेढ़-डेढ़ बीघा गेहूं की फसल जल गई।