आलापुर। रामनगर उप डाकघर में सर्वर की तकनीकी खराबी आठवें दिन मंगलवार को भी दूर नहीं हो सकी। इससे जमा-निकासी समेत अन्य लेनदेन प्रभावित रहे। आठ दिनों में सिर्फ एक दिन सर्वर सुचारु रूप से चल सका। लगातार समस्या से उपभोक्ताओं और अभिकर्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।
मंगलवार दोपहर से शुरू हुई खराबी के बाद शुक्रवार सुबह कुछ देर के लिए सर्वर चला और लेनदेन सामान्य हुआ, लेकिन दोपहर करीब 2:30 बजे फिर बंद हो गया। शनिवार, सोमवार और मंगलवार को भी व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी। बीएसएनएल की जांच में राउटर खराब मिला था। इसके बाद अतिरिक्त राउटर की व्यवस्था की गई है।
सर्वर बंद रहने से अभिकर्ताओं के माध्यम से खाताधारकों की नियमित जमा राशि समय पर खातों में नहीं पहुंच पा रही है। निर्धारित समय पर जमा नहीं होने से खाताधारकों को ब्याज संबंधी नुकसान की आशंका है। अभिकर्ता शशिकला मिश्रा ने बताया कि समस्या एक-दो दिन और रही तो अभिकर्ताओं पर आर्थिक बोझ पड़ सकता है।
हालांकि कर्मचारियों ने निजी मोबाइल और नेटवर्क के जरिए ईमेल, रजिस्ट्री समेत जरूरी काम जारी रखा। कैशियर एवं प्रभारी पोस्टमास्टर राजेश सिंह ने बताया कि अतिरिक्त राउटर की व्यवस्था हो गई है। बुधवार से सर्वर का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।