अंबेडकरनगर। आगामी 26 सितंबर को सुल्तानपुर में होने वाली मंडलीय क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभाग के लिए जिला स्तरीय अंडर 19 टीम में 16 खिलाड़ियों का चयन किया गया। ट्रायल मैच बुधवार को शहर स्थित बीएन इंटर कॉलेज मैदान पर हुआ। शुभारंभ आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य शंकर कुमार चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इसमें अकबरपुर, टांडा, भीटी, जलालपुर, किछौछा, हंसवर व राजेसुल्तानपुर से करीब 60 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने गेंदबाजी व बल्लेबाजी में अपनी प्रतिभा का दिखाई। करीब चार घंटे तक चले ट्रायल में प्रदर्शन के आधार पर 16 सदस्यीय टीम का चयन किया गया। इसमें सात बल्लेबाज, दो बॉलिंग ऑल राउंडर, पांच बॉलर व दो विकेट कीपर बल्लेबाज शामिल हैं। जिला क्रीड़ा सचिव अजीत सिंह ने बताया कि जिले की टीम में जिन खिलाड़ियों का चयन किया गया है, उनमें आदित्य कुमार, प्रणव, अभिषेक सिंह, राजवीर, श्याम विजय, शिशिर, अभिजीत यादव, अंकुर कुमार, आलोक निषाद, शिखर मिश्रा, शुभम यादव, अभिनव सिंह, श्रेयांश दुबे, आदित्य पाल, विपिन कुमार व आदित्य शामिल हैं। इस दौरान दौरान शारीरिक शिक्षक वीरेश कुमार, ओमवीर वर्मा, अरविंद कुमार, अरविंद चौधरी, विपिन कुमार, कामना राय, मुकेश दुबे मौजूद रहे।