जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय विकासखंड में पांच आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निर्माण कराने के लिए जमीन की तलाश शुरू हो गई है। अधीक्षक की ओर से एसडीएम आलापुर को पत्राचार किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हो इसके लिए ब्लॉक के लालमनपुर, बड़ागांव (जोगीपुर), सिंहपुर, केदरूपुर, नरवा पितांबरपुर में आयुष्मान आरोग्य मंदिर निर्माण के लिए शासन से मंजूरी मिलने के बाद जमीन की तलाश स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दिया है। इन सेंटरों के निर्माण से अगल-बगल के ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार की सुविधा आसानी से मिल जाएगी। अभी तक जहां लोगों को सामान्य बीमारी में भी पांच से दस किमी की दौड़ लगानी पड़ती थी, वहीं इसके निर्माण के बाद लोगों को बेहतर इलाज मिल सकेगा।
विभाग की ओर से जिन गांवों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों को निर्माण कराया जाना है। उनमें से केवल अभी सिंहपुर में ही जमीन मिल पाई है। लालमनपुर, बड़ागांव (जोगीपुर), केदरूपुर व नरवा पितांबरपुर में जमीन को दिलाने के लिए चिकित्सा अधीक्षक डॉ. उदय सिंह यादव ने एसडीएम आलापुर को पत्र लिखा है।
नोडल अधिकारी निर्माण डॉ.आशुतोष सिंह का कहना है कि पांच स्थानों पर आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनने हैं। जिसका बजट आ गया है। एक स्थान पर जमीन मिल गई है। शेष स्थानों पर पर जमीन की तलाश की जा रही है।