अंबेडकरनगर। शहजादपुर उपखंड के उपभोक्ताओं और व्यापारियोंं ने स्थानीय एसडीओ प्रमोद सिंह के ऊपर बिजली का भार बढ़ाने, बिल सुधार, कनेक्शन आदि के नाम पर अवैध उगाही की शिकायत ऊर्जा मंत्री और मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लखनऊ के निदेशक से की है। अधिकारियों के निर्देश पर अधीक्षण अभियंता ने दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर रिपोर्ट तलब की है।
शहजादपुर उपखंड के उपभोक्ता व व्यापारी रविंद्र कुमार, जितेंद्र कुमार मद्धेशिया, उर्मिला देवी, सूरज सिंह, दीपक सिंह, सैयद मो.जफर, परवीन, मो. इस्माइल, अब्दुल मजीद आदि ने बीते माह मनमानी की शिकायत ऊर्जामंत्री के साथ निदेशक लखनऊ से की थी। आरोप लगाया था कि एसडीओ शहजादपुर प्रमोद कुमार विभाग से संबंधित हर कार्य के लिए पैसे की मांग करते हैं। पैसा न देने पर महीनों तक कार्य को लटका कर रखा जाता है। बदसलूकी भी की जाती है। विरोध करने पर उपभोक्ताओंं को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जाती है। ऊर्जा मंत्री ने मामले की जांच के निर्देश मध्यांचल के निदेशक को दिए थे। अधीक्षण अभियंता गिरीश नरायण मिश्र ने अकबरपुर अधिशासी अभियंता की अध्यक्षता में दो सदस्यीय जांच टीम गठित कर रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि जांच रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद आगे का निर्णय होगा। उधर एसडीओ प्रमोद सिंह का कहना है कि उनके ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।