टांडा कोतवाली इलाके में लूट के बाद घटनास्थल पर जांच करती पुलिस
अंबेडकरनगर। रुपये वसूल कर घर वापस लौट रहे व्यापारी पर असलहा तानकर बाइक सवार बदमाशों ने स्कूटी व साढ़े चार लाख रुपये नकद लूट लिए। एसपी केशव कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राजफाश के लिए पांच टीमोंं का गठन किया है।
अलीगंज क्षेत्र के कस्बा छोटी बाजार चूड़ी वाली गली निवासी अनवर किराना सामान के थोक व्यवसायी हैं। मंगलवार को साप्ताहिक वसूली करने अकबरपुर कोतवाली के अरिया बाजार तक गए थे। आरोप है कि व्यापारियोंं से वसूली गई साढ़े चार लाख रुपये की रकम स्कूटी की डिकी में रखकर मोहल्ला निवासी राजू गुप्ता के साथ वापस आ रहे थे।
रात साढ़े नौ बजे सुलेमपुर मोड़ पर पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने स्कूटी में टक्कर मार दी। जब तक कुछ समझ पाते तब तक बाइक सवार बदमाशोंं ने उन पर तमंचा तान दिया। बाइक पर सबसे पीछा बैठा बदमाश स्कूटी लेकर चल गया। लूट की सूचना मिलते ही टांडा कोतवाल दीपक सिंह रघुवंशी और अलीगंज थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। कुछ देर बाद ही एसपी केशव कुमार, एएसपी विशाल पांडेय ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एसपी केशव कुमार ने बताया कि पांच टीमों का गठन कर दिया गया है। जल्द ही बदमाशोंं को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-
सीसीटीवी में व्यापारी का पीछा करते दिखे बदमाश
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की। इसमें बदमाश व्यापारी का पीछा करते दिखाई पड़े हैं। शक के आधार पर पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है। इसके अलावा घटनास्थल के 500 मीटर के दायरे में घटना के समय एक्टिव मोबाइल नंबरोंं की कुंडली खंगाली जा रही है। व्यापारी के नंबर पर आने वाले फोन की भी जांच की जा रही है।