राजेसुल्तानपुर। क्षेत्र के पदुमपुर-कम्हरिया मुख्य मार्ग पर खरुवईया गांव के निकट बृहस्पतिवार रात करीब पौने नौ बजे ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार आजमगढ़ जिले के रौनापार के खुजौली निवासी गौतम (29) की मौत हो गई। बृहस्पतिवार रात गौतम बिना हेलमेट पहने स्कूटी से वापस पदुमपुर लौट रहे थे।
खरुवईया के निकट सामने से आए वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। वह वाहन के नीचे आ गए और पहिये से कुचलने पर उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रेलर लेकर मौके से भाग गया। गौतम राजेसुल्तानपुर के पदुमपुर में किन्नरों के साथ रहते थे। हादसे की जानकारी पर किन्नर भी मौके पर पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार पांडेय ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी। (संवाद)