अंबेडकरनगर के इन परिषदीय विद्यालयों में दिव्यांगों के लिए बनेगा रैंप।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। कायाकल्प योजना के तहत जल्द ही परिषदीय विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों के लिए शौचालय बनकर तैयार हो जाएंगे। शासन के निर्देश पर जिले के करीब 500 विद्यालयों में शौचालय निर्माण का कार्य शुरू भी कर दिया गया है। शेष 1373 प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में इसका निर्माण जल्द शुरू होगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को दिशा-निर्देश दिए हैं।
बताते चलें कि शासन ने ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में 14 बिंदुओं पर विकास कार्य कराने का निर्देश दिया है। इसमें विद्यालय भवन की बेहतरी से लेकर परिसर की सफाई, बाउंड्रीवॉल, रंगाई-पुताई, सौंदर्यीकरण, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली आदि व्यवस्थाओं को बेहतर करना है। इस योजना के तहत जिले के अधिकांश परिषदीय विद्यालयों में भवन मरम्मत व निर्माण का कार्य कराया गया है। टाइल्स आदि भी लगाई गई हैं। इसी योजना के तहत विद्यालयों में दिव्यांग बच्चों की सुविधा को देखते हुए विशेष शौचालय निर्माण का निर्देश दिया गया है। शौचालय के पास रैंप की भी सुविधा होगी, जिससे दिव्यांग बच्चों को शौचालय तक पहुंचने में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। शासन के इस महत्वपूर्ण अभियान को बेसिक शिक्षा विभाग व पंचायतीराज विभाग तेजी से अमलीआमा पहनाने में जुटा है।
बीते दिनों इसके लिए सीडीओ घनश्याम मीणा ने जिला पंचायत राज अधिकारी व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के साथ बैठक कर इस बाबत दिशा-निर्देश भी दिए थे। प्रशासन के निर्देश के बाद जिले के करीब 500 परिषदीय विद्यालयों में शौचालय का निर्माण शुरू हो गया है। इसके अलावा 1373 अन्य परिषदीय स्कूलों में दिव्यांग बच्चों के लिए जल्द ही शौचालय निर्माण शुरू होगा। जिला पंचायतराज अधिकारी शेषदेव पाण्डेय ने बताया कि विद्यालयों में शौचालय निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। इसके लिए सभी ग्राम पंचायत अधिकारियों को निर्देश दिए जा चुके हैं। (संवाद)