सद्दरपुर। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में सरदार पटेल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन 24 अप्रैल से शुरू होगा। 27 अप्रैल तक चलने वाले टूर्नामेंट में जिले की आठ टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबले टी-20 प्रारूप में होंगे। प्रतियोगिता में सौरभ-11 एनटीपीसी, मेडिकल कॉलेज टीम, सुरापुर-11, रिंकू-11, जिला पंचायत टीम, अलनपुर, योद्धा और स्काई वॉरियर्स शामिल हैं।
सभी टीमें लीग और नॉकआउट प्रारूप में मुकाबला करेंगी। विजेता टीम को 51,000 रुपये और उपविजेता टीम को 21,000 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके साथ ही सभी खिलाड़ियों को टी-शर्ट भी प्रदान की जाएगी। यह टूर्नामेंट एससी एसटी ओबीसी एकता मंच की ओर से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति ने बताया कि इसका उद्देश्य खेलों को बढ़ावा देना और युवाओं को एक मंच पर लाना है।
शुभांरभ के अवसर पर सांसद व सपा राष्ट्रीय महासचिव लालजी वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल रहेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक समान अवसर देना है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन और टीम भावना बढ़ती है। संचालक अमोद वर्मा उर्फ राज पटेल ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैदान, मैच व्यवस्था और खिलाड़ियों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया गया है। टूर्नामेंट को सफल और व्यवस्थित तरीके से कराया जाएगा।