अंबेडकरनगर। सर्वर में गड़बड़ी के चलते मंगलवार को सारथी एप का संचालन लगभग ठप रहा। इससे अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन सके। इससे लाइसेंस बनवाने पहुंचे लोगों को मायूस लौटना पड़ा।
मालूम हो कि सारथी एप के माध्यम से जनसेवा केंद्र पर अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनता है। छह माह तक के लिए वैध यह लाइसेंस जनसेवा केंद्र पर बनता है जबकि एआरटीओ कार्यालय द्वारा अंतिम रिपोर्ट लगाई जाती है। मंगलवार को सुबह से सर्वर में गड़बड़ी के चलते सारथी एप पूरी तरह से प्रभावित रहा। इससे अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने पहुंचे आवेदकों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
संभावना थी कि दोपहर तक गड़बड़ी दूर हो जाएगी लेकिन ऐसा नहीं हो सका। जनसेवा केंद्र संचालक अरुण कुमार व रेहान जैदी ने कहा बीते कई दिनों से सारथी एप में दिक्क्त का रही है, मंगलवार को एप पूरी तरह ठप रहा। इसके चलते अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन सका। कहा कि जिले में प्रतिदिन औसतन लगभग ढाई हजार आवेदन सारथी एप के जरिए किए जाते हैं।
उधर एआरटीओ सत्येंद्र कुमार यादव ने बताया कि मंगलवार को सारथी एप में कुछ गड़बड़ी थी। इसके चलते अस्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के आवेदन में समस्या हुई।