अंबेडकरनगर। संस्कृत बोर्ड की परीक्षाएं 27 फरवरी से 12 मार्च तक होनी हैं। 10 केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा कराने के लिए तीन सचल दल बनाए गए हैं, जो प्रतिदिन परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे। इसकी रिपोर्ट कंट्रोल रूम में दी जाएगी। केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर बने कंट्राेल रूम से जोड़ा गया है। निगरानी करने के लिए दो प्रभारी और चार सदस्य नियुक्ति किए गए हैं।
जिले में 34 माध्यमिक संस्कृत विद्यालय हैं। इसमें 28 एडेड और छह वित्तविहीन हैं। इनमें से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अहिरौली रानी मऊ, रामदुलारी संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुबारकपुर टांडा, श्री शंकर जी संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोसाईगंज, शांति संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नगहरा गोसाईगंज, लक्ष्मी सरोज संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुर्मीडीहा, सरस्वती संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेलबना बाला पैकोली, साहब दयाल संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मधुपुर मीरनपुर, ज्ञानचंद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ताजुपुर हजपुरा, जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुरहुरपुर, श्री हर्षेश्वर नाथ संस्कृत महाविद्यालय ब्राह्मण पट्टी भियांव को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। शैक्षिक सत्र-2024-25 में इन 10 परीक्षा केंद्रों पर 2,141 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। पूर्व मध्यमा द्वितीय में 995, उत्तर मध्यमा प्रथम में 722 और उत्तम मध्यमा द्वितीय में 424 विद्यार्थी पंजीकृत हैं।
इनसेट-
कंट्रोल रूम के लिए बनाए दो प्रभारी
जिला विद्यालय निरीक्षक गिरीश सिंह ने बताया कि निरीक्षण के लिए तीन सचल दल, कंट्रोल रूम में दो प्रभारी व चार सदस्यों को तैनात कर दिया है। इसके अलावा रात्रिकालीन में एक कर्मचारी डयूटी में मौजूद रहेगा, जो सीसीटीवी के माध्यम से गतिविधियों पर नजर रखेगा। परीक्षा की ऑनलाइन मॉनीटरिंग होगी।