अंबेडकरनगर। कोरोना को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन के दूसरे दिन भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में वृहद पैमाने पर सैनिटाइजेशन का कार्य चला। सुबह से ही सड़कों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों व सरकारी कार्यालयों को सैनिटाइज किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। सैनिटाइजेशन प्रक्रिया में लगे फायर ब्रिगेड कर्मचारियों व सफाई कर्मियों ने इस दौरान आम नागरिकों से भी अपील की कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए न केवल खुद को सैनिटाइज करते रहें, बल्कि समय-समय पर अपने घरों को भी सैनिटाइज करें।
कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए लगाए गए वीकेंड लॉकडाउन के दूसरे दिन भी जिले में वृहद पैमाने पर सैनिटाइजेशन का कार्य चला। जिला अग्रिशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड कर्मियों ने जिला मुख्यालय पर अकबरपुर अयोध्या मार्ग, पुराने तहसील तिराहा, दोस्तपुर चौराहा, पहितीपुर चौराहा, मालीपुर चौराहा, नई सड़क, शहजादपुर चौक, सब्जी मंडी, फल मंडी, रेलवे व बस स्टेशन क्षेत्र, पटेलनगर, कलेक्ट्रेट के निकट समेत कई अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर सैनिटाइज किया। इसके साथ ही भीटी, जलालपुर, आलापुर, टांडा व जलालपुर तहसील क्षेत्र के भी सार्वजनिक स्थानों पर फायर कर्मियों की टीम ने सैनिटाइजेशन अभियान चलाया।
इसके अलावा नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों में सैनिटाइजेशन अभियान की कमान सफाई कर्मियों ने संभाल रखी थी। न सिर्फ सार्वजनिक स्थलों, बल्कि सरकारी व निजी कार्यालयों को भी सैनिटाइज किया। इस दौरान संबंधित क्षेत्र के नागरिकों से अपील की गई कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए न सिर्फ वे खुद को समय-समय पर सैनिटाइज करते रहें, बल्कि घरों को भी सैनिटाइज करें।