अंबेडकरनगर। विभिन्न प्रांतों व शहरों से आए 28 लोगों की सोमवार को जिला अस्पताल में जांच की गई। एक महिला को तेज बुखार होने पर क्वारंटीन किया गया। बताया जाता है कि वह बीते तीन दिन से बुखार से पीड़ित थी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 11 लोगों के खून के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
कोरोना के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए शासन के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग लगातार दूसरे प्रांत से आने वालों की जांच कर रहा है। जरूरत पड़ने पर उनको क्वारंटीन भी किया जा रहा है। सोमवार को भी ऐसे 28 नागरिक की जिला अस्पताल में जांच की गई। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि एक महिला को तेज बुखार होने पर उसका जिला अस्पताल में क्वारंटीन किया जा रहा है। वह बीते तीन दिनों से बुखार से पीड़ित है। बताया कि सोमवार को कुल 11 लोगों के खून के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए भेज दिया गया है।
बताया कि पूर्व में 86 नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं। इसमें से 30 नमूनों की रिपोर्ट आ चुकी है जो कि सभी निगेटिव पाए गए। बताया कि आगे भी जांच अभियान लागतार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि यदि किसी को कुछ भी संदेह हो, तो वे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचकर जांच कराएं। जरूरत पड़ने पर कवारंटीन भी कराएं। जागरुकता के आधार पर ही कोरोना संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सकता है।