अंबेडकरनगर। स्वास्थ्य सेवा में सुधार के लिए स्वास्थ्य महकमे ने कड़ा कदम उठाया है। सीएमओ ने मुख्यालय पर ठहरने को लेकर चिकित्सक व कर्मचारियों से शपथपत्र मांगा है। ऐसा नहीं किया तो दिसंबर का वेतन रोक दिया जाएगा। पत्र के जारी होते ही अस्पताल मुख्यालय से बाहर रहने वाले चिकित्सक व कर्मचारी परेशान हैं।
अस्पताल में बने भवन पर न रहकर अन्य स्थानों पर रहने वाले डॉक्टरों व स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों पर विभाग कार्रवाई की तैयारी में है। बीते माह रात्रि निरीक्षण में ऐसे चिकित्सकों की पोल खुलकर सामने आ गई, जो रात में अस्पताल में नहीं रुकते हैं। कार्यालय के एक कर्मचारी ने बताया कि कई बार के निरीक्षण में यह बात खुल कर सामने आई कि कुछ डॉक्टर व कर्मचारी मुख्यालय की बात तो दूर अन्य जनपदों में रहकर ड्यूटी कर रहे हैं। उन्हें पूर्व में कई बार व्यवस्था में सुधार के निर्देश भी दिए गए, लेकिन कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
बीते दिनों कुछ प्रभारी अधिकारी ने सीएमओ को पत्र भेज कर ऐसे चिकित्सक व कर्मचारियों पर कार्रवाई करने की मांग की थी। इसी क्रम में सीएमओ ने पत्र भेजकर सभी को अपने मुख्यालय पर निवास करने का शपथपत्र देने का निर्देश जारी किया। कहा कि अगर किसी ने शपथपत्र नहीं दिया तो उसका दिसंबर का वेतन रोक दिया जाएगा।
मिलें चिकित्सक तो झोलाछाप तक न जाएं मरीज
शहर से लेकर गांव तक स्वास्थ्य विभाग द्वारा अस्पताल व स्वास्थ्य उपकेंद्रों की स्थापना की गई है, ताकि मरीजों को घर के पास हर समय इलाज की सुविधा मिल सके। लोगों का कहना है कि अगर समय पर इलाज मिल जाए तो झोलाछाप के पास जाने की जरूरत न पड़े। अस्पतालों में समय पर चिकित्सक न मिलने से लोग झोलाछाप से अपना इलाज कराने को मजबूर हैं। अगर रात की व्यवस्था सही हुई और चिकित्सक,कर्मचारी अस्पताल पर ठहरने लगे तो स्वास्थ्य सेवा में बेहतर सुधार होगा।
शपथ पत्र देने के निर्देश
जिले के सभी चिकित्सक व कर्मचारियों को अस्पताल मुख्यालय पर निवास करने का शपथपत्र मांगा गया है। जो भी समय पर शपथपत्र नहीं देगा उसका दिसंबर का वेतन रोक दिया जाएगा। - डॉ. राजकुमार, सीएमओ