नहीं शुरू हो सकी मरीजों की आरटीपीसीआर जांच
जिला अस्पताल में थर्मल स्क्रीनिंग कर दिया गया प्रवेश
चिकित्सालयों में कोरोना प्रोटोकाल का कराया गया पालन
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। जिले में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच जिला अस्पताल समेत लगभग सभी सीएचसी में बुधवार को आरटीपीसीआर जांच नहीं हो सकी। हालांकि थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही मरीजों व उनके तीमारदारों को अस्पताल में प्रवेश करने की अनुमति दी गई। उधर, जिला अस्पताल में कोरोना प्रोटोकाल का सख्ती से पालन कराया गया।
लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन ने बुधवार से जिला अस्पताल व सीएचसी में आरटीपीसीआर जांच का निर्देश दिया था। निर्देशित किया गया था कि बगैर जांच के मरीजों व उनके तीमारदारों को अस्पताल भवन के अंदर प्रवेश न करने दिया जाए। यह व्यवस्था इमरजेंसी में लागू की गई थी। जिले में जिला अस्पताल समेत सभी 9 सीएचसी पर इस प्रकार की व्यवस्था शुरू की जानी थी। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने आरटीपीसीआर जांच बुधवार से किए जाने का दावा किया था, लेकिन बुधवार को कहीं भी इस प्रकार की जांच होती नहीं दिखी। हालांकि सभी अस्पतालों में थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइजेशन की व्यवस्था जरूर की गई।
जिला अस्पताल में बुधवार को आरटीपीसीआर जांच तो नहीं हुई, लेकिन ओपीडी, इमरजेंसी व मातृ शिशु विंग के मुख्य गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग की व्यवस्था की गई थी। बगैर थर्मल स्क्रीनिंग के किसी को भी भवन के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा था। इसके अलावा मुख्य गेट पर ही मरीजों व तीमारदारों को सैनिटाइज भी किया गया। पर्ची काउंटर व दवा काउंटर पर सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन कराया गया, तो एक मरीज के साथ एक ही तीमारदार को भवन के अंदर जाने दिया जा रहा था। सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि जिला अस्पताल में कोरोना प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन कराया जा रहा है। सीएमओ डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि सभी सीएचसी पर कोरोना प्रोटोकाल का पालन कराया जा रहा है। थर्मल स्क्रीनिंग व सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई है। आरटीपीसीआर जांच का कार्य कराया जा रहा है।