अंबेडकरनगर। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के महुवारी निवासी वीपतराम ने थाने में तहरीर देकर दो नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ छिनैती का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। पीड़ित के मुताबिक उसकी पत्नी स्वयं सहायता समूह की सदस्य है। शुक्रवार सुबह ऋण लेने के लिए साइकिल से पत्नी को लेकर सेवागंज गया था। वहां से 9500 रुपये ऋण मिलने के बाद वापस लौट रहा था। महुवारी के पूरब स्थित पुलिया के पास पीछे से एक बाइक पर सवार होकर पहुंचे तीन आरोपियों ने उसकी पत्नी के हाथों में मौजूद बैग छीन लिया और धमकी देते हुए फरार हो गए। बैग में ऋण के रूप में मिला 9500 रुपये मौजूद था। पीड़ित के मुताबिक उन आरोपियों में से दो को वह पहचानता है। पुलिस के मुताबिक शिकायत को लेकर छानबीन की जा रही है। संवाद