अंबेडकरनगर। दवा व्यापारी से तमंचे के बल पर दो लाख रुपये की लूट में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। लुटेरोंं के पास से पुलिस ने 60 हजार रुपये, दो बाइक व तीन मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी विशाल पांडेय ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि अकबरपुर कोतवाली के कृष्णानगर कॉलोनी निवासी राकेश की दोस्तपुर मार्ग पर दवा की थोक दुकान है। बीते 24 अक्तूबर को वे दुकान बंद कर रात नौ बजे घर जा रहे थे। घर के निकट पहले से रेकी कर रहे बाइक सवार बदमाशों ने उनकी पिटाई कर तमंचे के बल पर डिकी से दो लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए। 31 अक्तूबर की देर रात पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि सिझौली अंडरपास के पास लुटेरे किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
पुलिस ने घेराबंदी कर जौनपुर जनपद के खुटहन थानाक्षेत्र के धिरौली लच्छन निवासी सत्यम गौड़ के अलावा इसी गांव के शुभम मौर्य, जौनपुर के मियाचक गांव निवासी आकाश तथा उक्त जनपद के खुटहन थाने के अकबरपुर विशुनपुर गांव निवासी हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस ने नकदी सहित दो बाइक व फोन बरामद हुआ। जौनपुर जनपद के चौबहा गांव निवासी हिमांशु तिवारी और कुलदीप तिवारी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। दोनों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों फरार बदमाशों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह है आपराधिक इतिहास
पकड़े गए सत्यम पर जौनपुर समेत जिले में लूट, मारपीट समेत अन्य धाराओंं मेंं चार केस दर्ज है। शुभम उर्फ मिंटू पर मारपीट, एससीएसटी की धाराओं में सात, आकाश यादव और हिमांशु पर एक केस दर्ज है।