कहा गया कि परिवहन निगम के अधिकारियों की लापरवाही के चलते उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। चेतावनी दी गई कि जब तक उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हो जाता, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।
धरने की अध्यक्षता कर रहे संयुक्त परिषद स्टेशन शाखा के नरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि रोडवेज कर्मचारी लंबे समय से समस्याओं से जूझ रहे हैं लेकिन परिवहन निगम के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों से आह्वान करते हुए कहा कि एकजुटता के बल पर ही समस्याओं का निस्तारण कराया जा सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि परिचालकों को 20 पैसा प्रति किमी की दर से पारिश्रमिक भुगतान किया जाए। साथ ही छह प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्तों का भुगतान अविलंब कराया जाए। डिपो के अंदर आवश्यकतानुसार सामग्री उपलब्ध कराई जाए। दीपावली से पूर्व एरियर का भुगतान किए जाने, परिवहन विभाग को सार्वजनिक उद्यम से मुक्त किए जाने की मांग पूरे जोर-शोर से उठाई गई।
चेतावनी देते हुए कहा गया कि अब और उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि शीघ्र ही उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा। इस दौरान गिरीशचंद्र मिश्र, शेषनाथ मिश्र, शिवकुमार सिंह, जयप्रकाश, रमेशचंद्र चतुर्वेदी व राजेंद्र प्रसाद आदि मौजूद रहे।