अंबेडकरनगर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द ही नई रोडवेज मिनी बस सेवा शुरू की जाएगी। रोडवेज को 38 नई मिनी बसों का आवंटन हुआ था, जिनमें से आठ बसें प्राप्त हो चुकी हैं। इन बसों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को तहसील और जिला मुख्यालय से सीधे जोड़ना है, ताकि यात्रियों को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा का अवसर मिल सके।
वर्तमान में, ग्रामीण इलाकों से मुख्यालयों तक यात्रा करने में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। यह नई सेवा उन समस्याओं को दूर करने के लिए शुरू की जा रही है। रोडवेज प्रशासन इस दिशा में रूटों और किरायों की तैयारी कर रहा है। शुरुआत में इन बसों को मुख्य रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से तहसील मुख्यालय और फिर तहसील मुख्यालय से जिला मुख्यालय तक चलाया जाएगा। इस कदम से न केवल परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि जिले के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।सर्वे किए गए क्षेत्रों में बसें चलाई जाएंगी, जिनमें भियांव ब्लॉक, दुल्हूपुर बाजार, औराडाड़, तिवारीपुरा, मरहरा, चकौरा शुकुल बाजार, बसखारी, अयोध्या, निमटनी और महाराजपुर शामिल हैं। एआरएम हरिओम श्रीवास्तव ने बताया कि इन क्षेत्रों में बस सेवा की शुरुआत एक बस से की जाएगी और यात्रियों की संख्या के हिसाब से फेरे और बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।