अंबेडकरनगर में रविवार को पसरा सन्नाटा।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। जिले में शासन के निर्देश पर रविवार को पूरी तरह से लॉकडाउन रहा। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की बाजारों में भी सन्नाटा देखने को मिला। जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी तरह की दुकानें बंद रहीं। लॉकडाउन को सफल बनाने के लिए थाना पुलिस के अलावा उच्चाधिकारियों ने भी क्षेत्र का भ्रमण किया और आम नागरिकों से कोरोना महामारी से निपटने के लिए लॉकडाउन का पालन करने का आह्वान भी किया। हालांकि इक्का-दुक्का लोग जरूर सड़कों या फिर घर व दुकानों के बरामदे पर बैठे दिखे।
शासन के निर्देश पर जिले में भी कोरोना महामारी के चलते साप्ताहिक लॉकडाउन शुरू किया गया है। शनिवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक जिले में भी 35 घंटे तक लॉकडाउन लगाया गया है। रविवार को पूरे दिन लॉकडाउन के चलते जिले में सड़कों पर सन्नाटा रहा। एक तरफ जहां प्रशासन की सख्ती है तो दूसरी तरफ कोरोना का आम नागरिकों में ख़ौफ साफ देखने को मिल रहा है। जरूरी कार्य होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। रविवार को जिला मुख्यालय के अलावा ग्रामीण क्षेत्र की बाजारों में भी सन्नाटा देखने को मिला। जरूरी सेवाओं से जुड़ी दुकानों को छोड़कर अन्य सभी तरह के प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद रहे। यह बात अलग रही कि इक्का दुक्का नागरिक जरूर टहलते दिखे।
भीटी में तीन थाना सहित दो जनपद की सीमा पर स्थित चनहा चौराहे पर साप्ताहिक लॉकडाउन के चलते रविवार को सन्नाटा पसरा दिखा। हर वक्त लोगों के वाहनों से आमद रफ्त रहने वाली यह सड़क वीरान नजर आयी। टांडा, आलापुर, जलालपुर, कटेहरी, महरुआ व बसखारी आदि बाजारों में लॉकडाउन के चलते सन्नाटा देखने को मिला।
लॉकडाउन के निर्देशों का उल्लंघन न हो इसके लिए एएसपी संजय राय व एडीएम पंकज वर्मा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर हालात का जायजा लिया। आम नागरिकों से घरों से बाहर न निकलने का भी आह्वान किया। कहा गया कि यदि बहुत जरूरी हो तभी घरों से बाहर निकलें। घर से निकलते समय मास्क का प्रयोग करें व सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ख्याल रखें। कोरोना महामारी से लड़ाई में सभी को अपना योगदान देना होगा।