अंबेडकरनगर। नगर पंचायत इल्तिफातगंज की ओर से ग्रामीणों को आवागमन को बेहतर करने के लिए क्षेत्र की सड़कों का निर्माण कराए जाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। यह प्रस्ताव नगर पंचायत की ओर से मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत भेजा गया है।
नगर पंचायत की अधिकांश सड़कें इन दिनों बदहाल हैं। ऐसे में लोगों का सफर मुश्किल हो जाता है। नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में सड़कों को बनाने और मरम्मत के लिए चर्चा के बाद इस पर सहमति बनी थी। इसके बाद नगर पंचायत की ओर से अब चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। नगर पंचायत में दुर्गा विसर्जन घाट, शिव मंदिर जाने वाला मार्ग काफी बदहाल है।
इसके अलावा नगर में स्थापित जयराम वर्मा मूर्ति स्थल से शशिप्रकाश के घर तक करीब 600 मीटर, वार्ड नंबर एक आजाद नगर से बैरमपुर तक करीब 300 मीटर सड़क बनाने के प्रस्ताव बनाया गया है। इसके अलावा नगर पंचायत के अन्य विकास कार्याें को भी शामिल किया गया है। ईओ अजीत कुमार बागी ने बताया नगर की सड़कों और अन्य विकास कार्याें को कराने के लिए करीब चार करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसकी स्वीकृति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।