अंबेडकरनगर। जिले में बदहाल मार्गों को अविलंब दुरुस्त कराया जाए। पात्रों तक योजनाओं का लाभ तेजी से पहुंचाएं। ये निर्देश बसपा सांसद रितेश पाण्डेय ने सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दिए। वे कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की जो भी योजनाएं संचालित हैं, उसका लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ सभी पात्रों को मिले। इसमें किसी प्रकार का भेदभाव हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए। ऐसा करने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।
सांसद ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अधिशाषी अभियंता से योजना की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अभियंता ने बताया कि मार्गों का लोकार्पण किया जा चुका है। मार्गों पर शिलापट भी लगा दिया गया है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के बारे में डीएम ने अवगत कराया कि 31 ब्लॉक मिशन प्रबंधक थीमवार कार्यरत हैं। विभिन्न कार्यालय परिसर में प्रेरणा समित कैंटीन संचालित की जा रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में डीएम ने बताया कि 2011 के पात्र लाभार्थियों को आवास सुविधा उपलब्ध कराया जा चुका है। छूटे हुए लाभार्थियों का नाम आवास एप पर लोड करा दिया गया है।
बताया कि योजना अन्तर्गत वर्ष 2020 में 13882 का लक्ष्य प्राप्त हुआ था। इसमें से 12482 का रजिस्ट्रेशन प्राप्त हुआ है। इसके सापेक्ष 12189 रजिस्ट्रेशन का जियो टैग कराया गया है। इसमें 74.37 प्रतिशत आवास प्रदान कर दी गई है। लाभार्थियों के खाते में भुगतान भी किया जा रहा है। प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना अन्तर्गत अवगत कराया गया कि वर्ष 2020-21 में कुल 11058 आवास आवंटन की प्रक्रिया त्रिस्तरीय कमेटी बनाकर सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री सड़क योजना अन्तर्गत चयनित सड़कों का काम पूरा हो गया है। सीएमओ ने बताया कि 37 हजार 821 गोल्डन कार्ड जिले में लाभार्थियों को वितरित किए गए हैं। 1582 मरीजों का इलाज किया गया है।
सांसद ने गोल्डन कार्ड तेजी से बनाने के निर्देश दिए। सांसद ने निर्देश देते हुए कहा कि जलालपुर से भियांव, इल्तिफातगंज से खजावां, रामनगर से न्योरी तथा अन्नावां बाजार से दोस्तपुर तक क्षतिग्रस्त मार्ग की मरम्मत अविलंब बेहतर ढंग से कराई जाए। योजनाओं का लाभ पात्रों को पूरी गंभीरता के साथ दिलाया जाए। बैठक में विधायक अनीता कमल, डीएम राकेश कुमार मिश्र व सीडीओ घनश्याम मीणा के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।