अंबेडकरनगर। शहर के एकलव्य स्टेडियम में मंगलवार को तैराकी शिविर का आयोजन किया गया। जीवन रक्षक वीरेंद्र निषाद ने प्रतिभागियों को तैराकी से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का अभ्यास कराया। वीरेंद्र निषाद ने बताया कि तैराकी जीवन में उपयोगी कौशल है। पानी में उतरते समय सुरक्षा नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है। सही प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास से तैराकी में बेहतर दक्षता हासिल की जा सकती है। उन्होंने प्रतिभागियों को तैराकी के शुरुआती अभ्यासों से लेकर आवश्यक तकनीकों तक की जानकारी दी।
अरियौना वार्ड में चला सफाई अभियान
अंबेडकरनगर। अकबरपुर के अरियौना वार्ड में मंगलवार को नगर पालिका की ओर से सफाई अभियान चलाया गया। गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई की गई। इस दौरान क्षेत्र में जमा कचरे को हटाकर जगह-जगह सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। नगर पालिका की टीम ने सफाई कार्य के साथ-साथ कचरा प्रबंधन व्यवस्था की जानकारी भी स्थानीय लोगों को दी। स्थानीय निवासियों से अपने आसपास के वातावरण को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करने की अपील की गई। (संवाद)
37 लाभार्थियों के बने आयुष्मान कार्ड
अंबेडकरनगर। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मंगलवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। जिला अस्पताल के साथ-साथ सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने योजना से वंचित पात्र परिवारों के सदस्यों का पंजीकरण किया और उनका आयुष्मान कार्ड बनाया।अभियान में 37 लाभार्थियों को योजना से जोड़ा गया।
शिविर में सुलझी बिलिंग शिकायतें
अंबेडकरनगर। अकबरपुर बिजली परिसर में मंगलवार को विद्युत विभाग की ओर से शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बिजली उपभोक्ताओं की बिल संबंधी समस्याओं का समाधान किया गया और बकाया वसूली भी की गई। रीडिंग त्रुटि, गलत बिलिंग और अतिरिक्त शुल्क से जुड़ी शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। लाइनमैन और राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में शिकायतों की जांच कर समाधान किया गया। इस दौरान करीब 52 हजार रुपये की राजस्व वसूली भी की गई।