अंबेडकरनगर। जिले में 1591 परिषदीय विद्यालयों में 28 मार्च को परीक्षा समाप्त होने के बाद बच्चों को रिपोर्ट कार्ड दिया जाएगा। रिपोर्ट कार्ड बनाने की तैयारी भी अभी से शुरू कर दी गई है। इस साल प्रेरणा पोर्टल पर रिपोर्ट कार्ड अपलोड कर दिया जाएगा। रिपोर्ट कार्ड को बच्चे व अभिभावक ऑनलाइन भी देख सकेंगे।
परिषदीय विद्यालयों में कक्षा दो से पांच तक के 1,00,844 और कक्षा छह से आठ तक के 49,060 छात्र-छात्राएं हैं। इसमें 1063 प्राइमरी, 520 उच्च व कंपोजिट विद्यालय और आठ कस्तूरबा गांधी विद्यालय हैं। इनमें 1,49,904 विद्यार्थी पंजीकृत हैं। सुबह की पाली 9:30 से 11:30 बजे तक कक्षा एक व दो के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा थी। इसी पाली में कक्षा तीन से पांच तक विद्यार्थियोंं की नैतिक शिक्षा विषय परीक्षा हुई।
इसके अलावा कक्षा छह की विज्ञान, कक्षा सात व आठ की हिंदी की परीक्षा हुई, जबकि द्वितीय पाली में 12:30 से 2:30 तक कक्षा एक से पांचवीं तक के बच्चों की मौखिक और कक्षा छह से आठ तक पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा हुई। इसमें 92 फीसदी बच्चों की उपस्थिति रही। बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सभी स्कूलों में रिपोर्ट कार्ड बनाने के लिए मूल्यांकन किया जा रहा है। इस साल प्रेरणा पोर्टल पर रिपोर्ट कार्ड अपलोड कर दिया जाएगा। रिपोर्ट कार्ड को बच्चे व अभिभावक ऑनलाइन भी देख सकेंगे।