शटडाउन लेकर हाईटेंशन तार ठीक करने के दौरान अचानक करंट दौड़ने से निजी लाइनमैन गंभीर रूप से झुलस गया। इससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसके साथ गए अन्य कर्मचारी शव छोड़कर भाग खड़े हुए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने एनटीपीसी के निकट सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।
वे पावर कार्पोरेशन के दोषी कर्मचारियों के विरुद्ध केस दर्ज करने, परिवारीजन को आर्थिक सहायता व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग करने लगे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने। बाद में तहसीलदार ने किसान बीमा दुर्घटना योजना के तहत पांच लाख रुपये की मदद का आश्वासन दिया तब जाम हटा।
थाना क्षेत्र इब्राहिमपुर अंतर्गत मखदूमनगर गांव निवासी निजी लामइनमैन छोटेलाल (55) पुत्र हरिनाथ शुक्रवार दोपहर पावर कार्पोरेशन के लाइनमैन पवन पांडेय व दो अन्य कर्मचारियों के साथ इल्तिफातगंज के मीरानपुरा मोहल्ला स्थित एक विद्यालय के सामने गिरे हाईटेंशन तार को ठीक करने पहुंचा।
इससे पहले शटडाउन ले लिया गया था। छोटेलाल ने खंभे पर चढ़कर जैसे ही टूटे तारों को हाथ में लिया उसी समय विद्युत आपूर्ति शुरू हो गई। इससे वह नीचे गिर पड़ा। करंट की चपेट में आने से बुरी तरह झुलसे छोटेलाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
उसके साथ आए पावर कार्पोरेशन के अन्य कर्मचारी शव छोड़कर मौके से भाग खड़े हुए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही रोते-पीटते परिवारीजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद एनटीपीसी के निकट सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।
कहा गया कि पावर कारपोरेशन अधिकारियों व कर्मचारियों की लापरवाही के चलते ही निजी लाइनमैन की मौत हुई है। कहा गया कि जब शटडाउन लिया गया था तो कैसे विद्युत आपूर्ति शुरू कर दी गई।
ग्रामीणों ने दोषियों के विरुद्ध केस दर्ज कर गिरफ्तारी किए जाने, मृतक के परिवारीजनों को पांच लाख रुपये की सहायता दिए जाने एवं परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी की मांग करने लगे। जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली टांडा के साथ-साथ कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।
ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में तहसीलदार राजेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर किसान दुर्घटना योजना के तहत पांच लाख रुपये की सहायता दिए जाने का आश्वासन दिया। साथ ही एसडीओ विद्युत उमेश कुमार ने एक लाख रुपये की सहायता दिए जाने का आश्वासन दिया।
इसके बाद जाम समाप्त हो सका। एसओ इब्राहिमपुर विजय कुमार सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक कोई तहरीर नहीं पड़ी है।