अंबेडकरनगर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जर्जर संपर्क मार्गों की मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में गड्ढामुक्ति योजना के तहत जिले के 25 संपर्क मार्गों की मरम्मत के लिए 8.83 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी मिली है। एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय के प्रस्ताव पर राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, उत्तर प्रदेश ने यह स्वीकृति दी है। इन मार्गों के दुरुस्त होने से ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिलने के साथ किसानों को अपनी उपज बाजार और मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से जर्जर सड़कों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती है। ऐसे में संपर्क मार्गों की मरम्मत से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। अकबरपुर के केशवपुर निवासी अशोक मिश्रा ने बताया कि गांव की सड़कें बेहतर होने से रोजमर्रा के कामों के लिए आने-जाने में सुविधा होगी। बाजार, स्कूल और अन्य जरूरी कामों के लिए आवागमन भी आसान हो सकेगा।
अकबरपुर के रम्मनपुर चंदनपारा निवासी अजय तिवारी ने कहा कि संपर्क मार्ग ठीक होने से किसानों को खेतों से उपज बाजार और मंडियों तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे समय की बचत होगी और परिवहन संबंधी परेशानियां भी कम होंगी।
एमएलसी डॉ. हरिओम पांडेय ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना जरूरी है। संपर्क मार्गों की मरम्मत से ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिलेगी और कृषि गतिविधियों को भी लाभ होगा।
अकबरपुर के 19 और टांडा के छह मार्ग शामिल
स्वीकृत कार्यों में अकबरपुर मंडी समिति क्षेत्र के 19 और टांडा क्षेत्र के छह संपर्क मार्ग शामिल हैं। अकबरपुर में घटकना ताराखुर्द से इब्राहिमपुर मुबारकपुर, बेवाना सीमा से उदयपुर निषाद बस्ती, चिनगी से भरथुआ, भिखारीपुर से श्रवणक्षेत्र और बसिया, जीवत नर्सरी से गोलपुर, अकबरपुर-मालीपुर मार्ग से गानेपुर तथा नसीरपुर से तुलसीपुर सहित अन्य मार्गों की मरम्मत होगी। वहीं, टांडा क्षेत्र में तेंदुआ पियारेपुर पिच मार्ग से भसड़ा, गिरधरा मऊ से आदर्श विद्यालय भुवालपुर, दरियापुर माइनर से फरीदपुर होते हुए रसूलपुर, हुसैनपुर ग्रंट, बिसुनपुर बजदहा और शाहपुर माइनर से खतमी तक के संपर्क मार्गों को योजना में शामिल किया गया है।