अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार देर शाम सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर समीक्षा बैठक हुई। इसमें सुचारु राशन वितरण के लिए डीएम अविनाश कुमार सिंह ने अधिकारियों को जिम्मेेदारी से काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने अफसरों को अपात्र राशन कार्डाें को 15 दिनों के भीतर हटवाने के निर्देश दिए।
जिला पूर्ति अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में कुल 54 पर्यवेक्षणीय अधिकारी राशन वितरण पर निगरानी रखने के लिए तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 11 नोडल अधिकारी तैनात हैं। मई माह में राशन वितरण में जिले को प्रदेश में दूसरे स्थान मिला है। जिले में कुल 11 उचित दर दुकानें रिक्त हैं। जहां उचित दर विक्रेता ही नियुक्ति करना है। डीएम ने सभी बीडीओ को निर्देशित किया कि अविलंब नियुक्ति प्रक्रिया को पूरा करें।
साथ ही अपात्र राशन कार्ड धारकों को पात्रता सूची से हटाए जाने की कार्रवाई को 15 दिन के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया। सप्ताह में दो दिन क्षेत्र में जाकर जांच करने व उपभोक्ताओं से संपर्क करने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ अनुराज जैन, डीडीओ वीरेंद्र सिंह, एसडीएम पवन जायसवाल सहित अन्य अधिकारी व मौजूद रहे।