अंबेडकरनगर के विभिन्न मार्गों पर शुक्रवार को बारिश के दौरान इस तरह रहा जलभराव।
- फोटो : अमर उजाला
उमस भरी गर्मी के बीच शुक्रवार दोपहर अचानक उमड़ते-घुमड़ते बादल बरस पड़े। जिला मुख्यालय समेत ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। इससे एक तरफ जहां भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को कुछ राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे खिल उठे। बारिश से जिला मुख्यालय के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई।
दो दिनों से उमस भरी भीषण गर्मी से लोग जूझ रहे थे। शुक्रवार सुबह से ही बादल उमड़ने लगे। दोपहर बाद चारों तरफ काले घने बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज हवा के साथ बारिश होने लगी। जिला मुख्यालय के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हुई तो कहीं हल्की।
हवा के साथ हुई बारिश के चलते भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को भारी राहत मिली। लोगों ने बारिश का खूब लुत्फ उठाया। लगभग आधा घंटे तक हुई तेज बारिश के दौरान जिला मुख्यालय के कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। नाले व नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने लगा। इससे लोगों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
उधर, बारिश होने से धान किसानों के चेहरे खुशी से चमक उठे। दरअसल धान की रोपाई का कार्य इन दिनों जोरों पर है। साधन संपन्न किसान तो रोपाई के लिए खेत तैयार कर ले रहे हैं लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को दिक्कत हो रही थी। शुक्रवार को हुई बारिश ने उनकी समस्या का निदान कर दिया।
अकबरपुर के किसान जगदीश तिवारी व मयाराम वर्मा ने कहा कि यदि इसी प्रकार से समय-समय पर बारिश होती रहे तो धान की फसल को व्यापक लाभ होगा। भीटी के किसान सुधीर वर्मा व अमित कुमार ने कहा कि धान की रोपाई के लिए जितनी बारिश होनी चाहिए, उतनी तो नहीं हुई लेकिन जो भी हुई, उससे कुछ न कुछ लाभ तो मिलेगा ही।