मुख्य आयोजन में दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा ने बताया कि जिले में लो वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए दो करोड़ रुपये प्रदेश सरकार ने दिए हैं।
राजधानी से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इन उपकेंद्रों के लोकार्पण व शिलान्यास की औपचारिकता निभाई तो यहां जिला मुख्यालय के निकट आयोजित भव्य समारोह में दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा ने नवनिर्मित 220 केवी क्षमता के विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण किया।
जमुनीपुर व कांशीराम इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रस्तावित विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास करते हुए श्री वर्मा ने कहा कि 2016 तक शहरी क्षेत्र में 22 घंटे जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 16 घंटे बिजली देने की दिशा में लगातार ठोस काम किए जा रहे हैं। चुनाव के दौरान किए गए वादे का जिक्र करते हुए कहा कि जैनापुर व खुलासपुर में शीघ्र ही पुल निर्माण शुरू हो जाएगा।
पूर्व में प्रस्तावित 19 करोड़ रुपये की पशु आहार फैक्ट्री स्थापना का कार्य भी जल्द शुरू होगा। बताया कि प्रदेश सरकार ने जिले में लो वोल्टेज से निजात के लिए दो करोड़ रुपये बजट दिया है।
डीएम विवेक ने कहा कि नए उपकेंद्रों का निर्माण कार्य तत्परतापूर्वक शुरू कराने में प्रशासन अपनी तरफ से सभी आवश्यक भूमिका तय करेगा। इस मौके पर अधिशाषी अभियंता मुकेश बाबू, एसडीएम पंकज, तहसीलदार शिवमूर्ति सिंह, सपा नेता कलाम खां आदि मौजूद रहे।
कटेहरी प्रतिनिधि के अनुसार स्वास्थ्य राज्यमंत्री शंखलाल मांझी ने यादवनगर में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने 72 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मरों को बदलने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसे आगे और बेहतर किया जाएगा।
जलालपुर में सपा विधायक शेरबहादुर सिंह ने 132 केवी विद्युत उपकेंद्र तथा तहसील बिजलीघर का लोकार्पण करते हुए काशिमपुर कर्बला एवं मालीपुर के नए विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री प्रतिनिधि आफताब अहमद, नगर परिषद अध्यक्ष अबुल बशर अंसारी, सुभाष राय, महेंद्र यादव, राजेन्द्र चौधरी आदि मौजूद रहे। टांडा प्रतिनिधि के अनुसार विधायक अजीमुलहक पहलवान ने सकरावल, धौरहरा, खासपुर, बलया जगदीशपुर, किछौछा, सूरापुर व हंसवर विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास किया।
न्योरी प्रतिनिधि के अनुसार आलापुर विधायक भीमप्रसाद सोनकर ने न्योरी में विद्युत उपकेंद्र का शिलान्यास करते हुए भरोसा दिलाया कि निर्माण पूरा कराकर बेहतर विद्युत आपूर्ति का लाभ दिलाया जाएगा। इस मौके पर उपखंड अधिकारी एके लहड़ी, जेई अवधेश प्रजापति समेत सपा के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।