अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल के ऑर्थोपेडिक डिपार्टमेंट में मरीजों से ऑपरेशन के लिए धन उगाही हो रही है। ऑर्थो सर्जन के साथ मौजूद कर्मचारी ने अकबरपुर के राबी बहाउद्दीनपुर निवासी मुकेश के भाई विशाल के पैर में डाली गई रॉड निकालने के लिए पांच हजार रुपये की मांग की। काफी मान-मनौव्वल के बाद वह दो हजार रुपये में माना और 400 रुपये की रसीद अलग से कटवाने और ग्लब्स लाने को कहा। इस पूरे प्रकरण का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद सीएमएस डॉॅ. पीएन यादव ने जांच समिति का गठन किया है।
मुकेश कुमार ने सोमवार को मीडिया से बताया कि उसके भाई विशाल के पैर की हड्डी एक वर्ष पहले टूट गई थी। जिला अस्पताल में ऑपरेशन हुआ था, जिसमें रॉड डाला गया था। अब ठीक होने के बाद रॉड निकलवाने के लिए ओपीडी के चक्कर काट रहे थे। बीते बृहस्पतिवार को अस्पताल में उनसे पांच हजार रुपये की मांग करते हुए सोमवार को बुलाया गया था। मुकेश के अनुसार एक चिकित्सक के साथ मौजूद एक कर्मचारी (आउटसोर्सिंग कर्मी) ने उनसे फोन कर रुपये मांगे। मुकेश ने इतने रुपये न होने की बात कही तो कर्मचारी ने ढाई हजार रुपये मांगे, लेकिन बाद में दो हजार रुपये में डील पक्की हुई। साथ ही 400 रुपये की रसीद अलग से कटवाने और ग्लब्स लाने की बात कही। पीड़ित जब डॉक्टर से मिला तो उन्होंने मशीन खराब होने के चलते ऑपरेशन करने से मना कर दिया। सोमवार को ऑडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन में खलबली मच गई। इस पूरे खेल ने अस्पताल में चल रहे धन उगाही के खेल को एक बार फिर उजागर कर दिया है। हालांकि, अमर उजाला वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता।
चार सदस्यीय टीम करेगी जांच
रुपये मांगने का मामला सामने आने के बाद सीएमएस ने चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम को तीन दिन के अंदर रिपोर्ट देनी है। जांच टीम में डॉ. एसडी मिश्रा, डॉ. आरएस वर्मा, डॉ. गुलाबी देबी व डॉ. सुनील कुमार जौहरी शामिल हैं। साथ ही ऑर्थोपेडिक डिपार्टमेंट को जांच में सहयोग करने के निर्देश दिए हैं।
वसूली बदस्तूर है जारी
जिला अस्पताल के किसी कर्मचारी की ओर से पैसा मांगने का यह कोई नया मामला नहीं है। जिला अस्पताल इन कारनामों को लेकर आए दिन सुर्खियों में बना रहा है। बीते मई माह में राज्य महिला आयोग की सदस्य चारू चौधरी जिला अस्पताल की जांच करने आई थीं। इस दौरान वह एमसीएच विंग में मरीजों से मिल रहीं थी। कई मरीजों व उनके तीमारदारों ने प्रसव के दौरान ऑपरेशन के नाम रुपये मांगने के गंभीर आरोप लगाए थे। तब भी सीएमएस को जांच के निर्देश दिए थे, लेकिन मामला ठंडे बस्ते में चला गया और वसूली का खेल बदस्तूर जारी है।
-
दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
ऑडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच के लिए डॉ.एसडी मिश्रा की अध्यक्षता में जांच टीम गठित की गई है। जांच के बाद दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. पीएन यादव, सीएमएस