निदेशालय भेजी गई पत्रावली, 27 अन्य को अंतिम नोटिस
इन मदरसों ने यू डॉयस पर नहीं फीड किया छात्र-छात्राओं का डाटा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। जिले में संचालित 160 मदरसों की मान्यता वापस लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए निदेशालय को पत्र भेज दिया गया है। इस बीच यू डॉयस पोर्टल पर छात्र-छात्राओं से संबंधित डाटा फीड न करने वाले 27 मदरसों को भी मान्यता रद्द करने का अंतिम नोटिस भेजा गया है।
मदरसा संचालन के नाम पर चल रही मनमानी का बड़ा खुलासा हुआ है। राज्य सरकार की तरफ से मदरसों को लेकर सख्ती बरतने से पहले मदरसों का मनमाने ढंग से संचालन हो रहा था। सरकार ने इसके बाद मदरसों की मनमानी पर रोक लगाने की मुहिम शुरू की। इसका असर यह हुआ कि मदरसों के दरवाजे धड़ाधड़ बंद होने लगे। नियम विरुद्ध चल रहे तमाम मदरसों में ताला लटकना शुरू हो गया। ऐसे भी कई मदरसे हैं जिनका संचालन तो हो रहा है लेकिन यू डॉयस पर छात्र-छात्राओं से संबंधित जानकारी फीड नहीं की जा रही है।
जिन मदरसों का संचालन बंद हुआ है उनके प्रबंधकों ने विभाग को कोई अधिकृत सूचना नहीं दी है। ऐसे में उनको भी यू डायस पर फीडिंग के लिए पत्र भेजे गए। कई बार नोटिस के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया तो अब ऐसे 160 मदरसों की मान्यता वापस लेने का निर्णय जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने लिया है। इन मदरसों की मान्यता वापस लेने के लिए निदेशालय को पत्र भेज दिया गया है। जल्द ही रजिस्ट्रार द्वारा समुचित निर्णय ले लिया जाएगा।
इस बीच 27 अन्य मदरसों को नोटिस जारी किया गया है। इनके प्रबंधन ने यू डॉयस पोर्टल पर छात्र-छात्राओं का डाटा अपडेट नहीं किया है। अब संबंधित मदरसों को आखिरी मौका दिया गया है। बुधवार को नोटिस जारी करते हुए कहा गया कि तीन दिन के अंदर डाटा फीडिंग न करने पर मान्यता वापस ली जाएगी।
मान्यता वापसी को भेजा पत्र
160 विद्यालयों की मान्यता वापस लेने का पत्र निदेशालय को भेज दिया गया है। 27 अन्य मदरसों को आखिरी नोटिस दिया गया है। इन मदरसों ने जरूरी डाटा फीड नहीं किया है।
छोटेलाल गौतम, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी