जगह-जगह ब्रेक डाउन व लाइन में गड़बड़ी से रही दिक्कत
भीषण गर्मी में परेशान हुए लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। लू के थपेड़ों के बीच बुधवार को जिला मुख्यालय पर विद्युत आपूर्ति को लेकर हाहाकार मच गया। लगभग पूरे दिन अकबरपुर नगर व आसपास के क्षेत्र की लगभग एक लाख की आबादी को बिना बिजली रहना पड़ा। हवा के चलते कई जगह ब्रेक डाउन हो गया।
बुधवार को सुबह से चल रही तेज गर्म हवा के बीच लगभग 10 बजे अकबरपुर नगर के अलग-अलग क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। नगर के राबीबहाउद्दीनपुर गांव के निकट हाईटेंशन लाइन में गड़बड़ी आ गई। इससे स्पेयर फीडर, एलआईसी फीडर, कम्पोजिट मेन, सब स्टेशन, वीआईपी फीडर, टाउन फीडर, कुर्की फीडर व साउथ वेस्ट फीडर से आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। दोपहर करीब डेढ़ बजे गड़बड़ी दूर कर आपूर्ति बहाल तो की गई, लेकिन तेज हवा के चलते अधिक देर तक आपूर्ति चालू नहीं रही। बैरमपुर बरवां विद्युत उपकेंद्र से होने वाली बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। नगर के तमसा मार्ग पर जर्जर केबल टूटकर गिर गया। दोपहर में इसे दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल तो की गई लेकिन फिर से ब्रेक डाउन हो गया। नतीजा यह रहा कि संबंधित उपकेंद्र से रसूलपुर हौजपट्टी, पंचशीलनगर, बनगांव रोड, मीरानपुर मोहल्ले की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई। शहजादपुर के आधा दर्जन मोहल्लों को बिजली आपूर्ति करने वाले मरैला उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति कोटवा महमदपुर उपकेंद्र से आने वाली लाइन में गड़बड़ी के चलते सुबह साढ़े 10 बजे ठप हो गई। इसे शाम साढ़े चार बजे करीब ठीक किया जा सका।
संकट को लेकर दिखी नाराजगी
अकबरपुर नगर में बिजली आपूर्ति के इस संकट को लेकर चौतरफा नाराजगी देखने को मिली। सीडीओ अनुराज जैन ने अधिकारियों को फोन कर नाराजगी जताई तो वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा ने स्थिति में सुधार न होने पर कहा कि कड़े एक्शन की जरूरत है। कई अन्य उपभोक्ता लगातार बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन कर नाराजगी जताते दिखे।
आपूर्ति का है ज्यादा दबाव
बिजली आपूर्ति का दबाव बढ़ा है। इसके चलते कई उपकेंद्र ओवरलोड हैं। बुधवार को हवा चलने से दिक्कत हुई है। फिर भी प्राथमिकता के साथ काम कर आपूर्ति बहाल कराई गई। तेज हवा चलने के दौरान एहतियातन कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति रोकी गई थी। अंबाप्रसाद वशिष्ठ अधीक्षण अभियंता