कटेहरी मे सम्मान यात्रा निकालते सपा कार्यकर्ता।
महरुआ/श्रवणक्षेत्र (अंबेडकरनगर)। सांसद लालजी वर्मा से नाराज सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उपचुनाव से पहले मंगलवार को कटेहरी में सम्मान यात्रा निकाली। कहा गया कि उपचुनाव में सांसद के परिवार का कोई प्रत्याशी स्वीकार नहीं होगा।
कटेहरी उपचुनाव से पहले सपा में शुरू हुई बगावत थमने का नाम नहीं ले रही है। बीते दिनों यादव महासभा के बैनर तले बैठक कर कई नेताओं ने साफतौर पर कहा कि सांसद के परिवार से हटकर टिकट दिया जाए। इसके बाद पार्टी ने नोटिस जारी किया, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ। सांसद के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों ने अब मंगलवार को सम्मान यात्रा निकाल अपनी मांग बुलंद की। कटेहरी से वरिष्ठ सपा नेता साधू यादव ने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाई। अन्नावां, पहितीपुर, मिझौड़ा, चनहा और भीटी आदि होते हुए यात्रा वापस कटेहरी पहुंची।
यात्रा में शामिल सपाइयों ने पीडीए और सपा के समर्थन में आवाज लगाई, लेकिन सांसद लालजी वर्मा से नाराज रहे। वक्ताओं ने कहा कि विधायक के बाद अब सांसद हो जाने पर उन्हें दूसरों को मौका देना चाहिए। बैठकों में सम्मान न देने और न बुलाने का भी आरोप लगाते हुए कहा गया कि यह बर्दाश्त नहीं होगा। कहा कि वे सब पार्टी के वफादार हैं इसीलिए मौजूदा हालात से चिंतित हैं। पार्टी नेतृत्व से मांग की कि टिकट देने में कार्यकर्ताओं की भावना का ध्यान रखें। इस मौके पर रैली संयोजक परशुराम यादव, जिला सचिव इंद्रजीत यादव, पवन यादव, मजदूर सभा जिलाध्यक्ष संतोष यादव, यमुना यादव, रामकरन वर्मा, मुलायम यादव, दीपक भारती, अकबर अली और मयंक यादव आदि मौजूद रहे।