आलापुर। आलापुर क्षेत्र के खतमीपुर गांव में पूर्व विधायक अनीता कमल के चचेरे भाई अरविंद कुमार की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में बृहस्पतिवार को शव को कब्र से बाहर निकलवाया गया। वीडियोग्राफी के बीच पंचनामा और डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। परिजनों की ओर से अरविंद की हत्या किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है, लेकिन पूर्व में हुए पोस्टमार्टम में न तो चोटों की पुष्टि हुई थी और न ही मौत के कारणों का पता चला था।
डीएम अनुपम शुक्ला के आदेश पर बृहस्पतिवार सुबह नायब तहसीलदार हुबलाल के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम चहोड़ाघाट पहुंची। मजिस्ट्रेट की निगरानी में वीडियोग्राफी के बीच शव को बाहर निकलवाया गया। इसके बाद गहनता से पंचनामा किया गया, जिसमें शरीर पर चोटों के निशान बारीकी से देखे गए। शव निकाले जाने के दौरान घाट और आसपास लोगों की भीड़ जमा रही। पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने के लिए खासा मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच दोबारा पोस्टमार्टम किया गया।
ये था पूरा मामला
खतमीपुर गांव के अरविंद मजदूरी करते थे। 15 जनवरी की रात घर से पान मसाला खाने निकले थे। शाम करीब 07.30 बजे घर से 200 मीटर दूर राणापुर पिच मार्ग से सटे कच्चे चक मार्ग पर अरविंद बेसुध अवस्था में पड़े मिले थे। बाद में निजी अस्पताल में उनकी मौत हो गई थी। परिजनों के अनुुसार मृतक की पीट और गुप्तांग पर चोट थी, लेकिन पुलिस ने इसका जिक्र पंचनामा में नहीं किया और पोस्टमार्टम में भी इन चोटों का कोई जिक्र नहीं किया गया था। पिता रामरतन व सिपाही भाई अनिल कुमार लगातार उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रहे थे। डीएम अनुपम शुक्ला ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराया।
टूट गया है परिवार
अरविंद की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। छह माह की मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया है, जबकि पत्नी, माता-पिता और भाई गहरे सदमे में हैं। पूरे मामले में अब सभी की निगाहें नई पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। कॉल डिटेल, घटनास्थल की परिस्थितियां और मृतक की अंतिम गतिविधियों की भी पड़ताल की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ पहले ही की जा चुकी है। दोबारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- प्रदीप सिंह चंदेल, सीओ आलापुर