अंबेडकरनगर। विकास खंड कटेहरी की ग्राम पंचायत जगदीशपुर में वर्ष 2021 में ग्राम प्रधान पद के लिए चुुनाव को लेकर जनपद न्यायाधीश ने पुनर्मतगणना कराने का आदेश दिया है। आदेश में कहा है कि सभी प्रत्याशियों की मौजूदगी में यह प्रक्रिया की जाए।
बीते दिनों जगदीशपुर ग्राम पंचायत के भूपतिपुर रौतापुर निवासी रामअकबाल ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर हस्तक्षेप की मांग की थी। कहा कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2021 में उसके अलावा चार अन्य प्रत्याशी थे। निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों ने मनमाने तरीके से उसे चुनाव में हरा दिया और दूसरे प्रत्याशी को जीत दिला दी। उन्होंने दोबारा मतगणना कराने की मांग की लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
इसके चलते उन्होंने न्यायालय की शरण ली। अब जनपद न्यायाधीश ने इस मामले में जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया है कि संंबंधित ग्राम पंचायत में प्रधान पद के लिए हुए मतदान की पुनर्मतगणना कराई जाए। अधिवक्ता संतोष विश्वकर्मा ने बताया कि अब इस पर जिला प्रशासन फिर से मतगणना कराकर न्यायालय को सूचित करेगा। कोर्ट ने दोबारा मतगणना के दौरान अन्य प्रत्याशियों की उपस्थिति का भी निर्देश दिया है।