राशन कार्ड की सूची में हेराफेरी से नाराज टांडा ब्लॉक के दांदूपुर गांव के ग्रामीणों ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान व कोटेदार की मनमानी की वजह से गांव के कई पात्रों का नाम बीपीएल सूची से हटाकर अपात्रों का नाम शामिल कर दिया गया है। इससे पात्र योजना का लाभ पाने से वंचित हो गए हैं।
ग्रामीणों ने बाद में डीएम को ज्ञापन देकर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है। जिले में कोटेदारों की मनमानी का मामला कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन अलग-अलग तहसील क्षेत्रों के ग्रामीण जिला मुख्यालय पर कोटेदारों के विरुद्घ धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
हालांकि इनमें से कई मामलों में निजी खुन्नस भी सामने आती रहती है, लेकिन इसके बाद भी कोटेदारों की मनमानी कम नहीं होती। इसी के चलते लगातार कोटेदारों के विरुद्घ प्रदर्शन हो रहे हैं। खास बात यह कि कई मामलों में समुचित कार्रवाई ही नहीं हो पाती। इस बीच गुरुवार को टांडा ब्लॉक के दांदूपुर गांव के ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे।
ग्रामीण दीपक, पूनम, रामचेत, संदीप, पूनम, सुनीता, रामचंद्र, राधिका, दुर्गा देवी, दुर्गेश, अनुज आदि ने प्रदर्शन करते हुए राशन वितरण में मनमानी का आरोप लगाया। कहा कि गांव के राशन कार्डों में हुई हेराफेरी को तत्काल दुरुस्त कराया जाए। प्रधान व कोटेदार की मनमानी से गांव के कई पात्रों को योजना से वंचित होना पड़ रहा है।
मामले की शिकायत स्थानीय स्तर पर की गई, लेकिन जिम्मेदार लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इससे उन्हें मजबूर होकर प्रदर्शन करने को बाध्य होना पड़ा। ग्रामीणों ने कहा कि न तो उन्हें योजनाओं के अनुरूप राशन मिल पा रहा है और न ही उनसे नियमानुसार दाम लिया जा रहा है।
कई बार आपूर्ति विभाग व तहसील प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पाया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले में कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। बाद में जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही कार्रवाई न की गई तो वे आंदोलन करेंगे।