जलालपुर/महरुआ। दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले में वांछित अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाद में दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया। एक अभियुक्त 15 हजार रुपए का इनामी भी है।
बता दें कि जलालपुर थाना क्षेत्र में एक युवक सात वर्षीय बालिका को पैसे का लालच देकर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने दुष्कर्म व पाक्सो एक्ट की धारा में केस दर्ज कर लिया था। इस बीच प्रभारी निरीक्षक रामलखन पटेल ने पुलिस कर्मियों के साथ आरोपी फूलचंद को गिरफ्तार कर लिया।
महरुआ प्रतिनिधि के अनुसार बीते दिनों एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी पुत्री रात में बरामदे में सो रही थी। रात करीब साढ़े 12 बजे दो युवक वहां पहुंचे और किशोरी का मुंह दबाकर उसे खेत में ले गए। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों युवकों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी थी।
शनिवार सुबह मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक अभियुक्त हरिओम को आनंद नगर चौराहे से धर दबोचा। उस पर पुलिस ने 15 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था। शनिवार अपराह्न जिला मुख्यालय पर एएसपी अशोक कुमार राय ने बताया कि दुष्कर्म के दो मामलों में अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों का चालान कर दिया गया है।