अंबेडकरनगर। जिला युवा कल्याण विभाग की तरफ से बृहस्पतिवार को टांडा, बसखारी व भियांव विकास खंड क्षेत्र में ब्लॉक स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न गांवों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दौड़, कबड्डी, गोला फेंक आदि खेल प्रतियोगिताओं में बालक-बालिकाओं ने सक्रिय भागीदारी की। विजेता खिलाड़ियों को आयोजन मंडल की तरफ से प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया।
टांडा के भगौती प्रसाद मेमोरियल इंटर कॉलेज बेलांगर में आयोजित बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कलेसर के अनिरुद्ध कुमार, बालिका में अलीगंज की रीमा, बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में अमीनपुर के सहाबुद्दीन बेग, बालिका में उकरा की माधुरी पहले स्थान पर रहीं। सीनियर बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में अरखापुर के रामविशाल प्रजापति व जूनियर वर्ग में इब्राहिमपुर के सुमित ने प्रथम स्थान पर बाजी मारी। बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में आदर्श कन्या पीजी कॉलेज की टीम विजेता तो भगौती प्रसाद इंटर कॉलेज की टीम उपविजेता रही।
बसखारी ब्लॉक की खेल प्रतियोगिता रांगेय राघव इंटर कॉलेज हंसवर में हुई। बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में अरुसा आजमपुर के किशन मौर्य, बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में गयासपुर के अनीस, बालिका वर्ग में मकरही की खुशबू, बालक वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में अरुसा आजमपुर के मोहम्मद अमीर हमजा ने प्रथम स्थान की बाजी मारी। बालक वर्ग की गोला फेंक प्रतियोगिता में शादीपुर के विशाल यादव पहले स्थान पर रहे। कबड्डी प्रतियोगिता में मोहम्मद शफी नेशनल इंटर कॉलेज की टीम विजयी रही।
भियांव ब्लॉक की खेल प्रतियोगिता मां सर्वेश्वरी विद्यालय गोविंदपुर में हुई। सब जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में ढाखा की शिखा, बालक वर्ग मेें जैतपुर के प्रदीप मिश्र, बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में जैतपुर की रूपाली पहले स्थान पर रहीं। सब सीनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में सिंहपुर की सौम्या मिश्रा पहले स्थान पर रही। प्रतियोगिता को सफल बनाने में टांडा के बीडीओ अनुराग सिंह, प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद वर्मा, प्रधानाचार्य बृजेश कुमार, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अतुल सिंह, सूर्यनाथ, अमरजीत, पंतलाल, संजय वर्मा व अभय कुमार सहित अन्य ने अहम भूमिका बनाई।