जलालपुर (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र के फत्तेहपुर मुहिबपुर में सोमवार देर शाम रामलीला का समापन हो गया। जय बजरंग आदर्श रामलीला समिति के तत्वावधान में अंतिम दिन रावण वध, रावण दहन, भरत मिलाप व रामराज्याभिषेक जैसे प्रसंगों का मंचन हुआ। मंचन की शुरुआत समुद्र सेतु निर्माण और लंका दहन प्रसंग से हुई। मंच पर जब भगवान श्रीराम के पात्र ने तीर चलाकर रावण का वध किया, तो पूरा मैदान जय श्रीराम के जयघोषों से गूंज उठा। रावण दहन के साथ ही मंचन स्थल पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर विजयादशमी का उत्सव मनाया। इस दौरान अध्यक्ष जगदंबा सिंह, कृपा शंकर वर्मा, संजय अग्रहरि, रोहन अग्रहरि, हरीशचंद गुप्ता, हरिश्चंद्र राजभर मौर्य सहित अन्य उपस्थित रहे।