अंबेडकरनगर। बारिश से रविवार अपराह्न उमस भरी भीषण गर्मी से जूझ रहे नागरिकों को राहत मिली। मौसम सुहावना होने के बीच बारिश का नागरिकों ने जमकर आनंद उठाया। बारिश से जिला मुख्यालय से लेकर अन्य क्षेत्रों में जगह जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई।
इससे नागरिकों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ा। उधर बारिश से धान किसानों के चेहरे पर चमक आ गई। दरअसल मौजूदा समय में धान की सिंचाई की जरूरत थी। ऐसे में बारिश होने से किसानों को राहत मिली। हालांकि बारिश के चलते पशुओं के लिए चारे की समस्या खड़ी हो गई है।
पिछले दो दिनों से निकल रही तेज धूप से नागरिकों को जहां भीषण उमसभरी गर्मी से दो चार होना पड़ रहा था, वहीं धान किसानों को भी सिंचाई के लिए चिंता सताने लगी थी। इस बीच रविवार अपराह्न करीब काले बादल उमडने घुमड़ने लगे। कुछ ही देर में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। लगभग डेढ़ घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से भीषण गर्मी से जूझ रहे नागरिकों को राहत मिली।
लॉकडाउन के बीच बारिश का नागरिकों ने जमकर लुत्फ उठाया। मूसलाधार बारिश होने के चलते जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जगह जगह जलभराव की भी समस्या उत्पन्न हो गई। अकबरपुर अयोध्या मार्ग, सब्जी मंडी, बस स्टेशन क्षेत्र के अलावा केदारनगर, भीटी बाजार, महरुआ बाजार, जलालपुर नगर में जगह जगह जलभराव होने से नागरिकों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
उधर, बारिश होने से सिंचाई के लिए चिंतित किसानों ने भी राहत की सांस ली। अकबरपुर के किसान संतराम, मेवालाल व भीटी के किसान रामबख्श व गजानंद ने कहा कि मौजूदा समय में धान की सिंचाई की सख्त जरूरत थी। बारिश न होने की दशा में वैकल्पिक माध्यम से सिंचाई करने की मजबूरी बन गई थी। हालांकि रविवार को हुई बारिश से सिंचाई की समस्या काफी हद तक दूर हो गई है।